भव्य रथ पर सवार होंगे भगवान जगन्नाथ, 16 जुलाई को धर्ममय होगा धार शहर

---Advertisement---

भव्य रथ पर सवार होंगे भगवान जगन्नाथ, 16 जुलाई को धर्ममय होगा धार शहर
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शैलेंद्र जोशी, धार

धार। ऐतिहासिक नगरी धार में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई (गुरुवार) को श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। श्री सांवरिया सेठ भक्त मंडल एवं सकल हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यात्रा का नेतृत्व हिंदू नेता अशोक जैन के संरक्षण में किया जाएगा। रथयात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं और आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए त्रिमूर्ति नगर स्थित श्री इच्छापूर्ण त्रिवेणी हनुमान मंदिर में बैठक आयोजित की गई।

रथयात्रा दोपहर 2:30 बजे ऐतिहासिक भोजशाला मंदिर से प्रारंभ होगी। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करेंगे। श्रद्धालु स्वयं रथ की डोरी खींचकर यात्रा में सहभागी बनेंगे। यात्रा भोजशाला, राजवाड़ा चौक, महात्मा गांधी मार्ग, आनंद चौपाटी, जवाहर मार्ग, नरसिंह चौपाटी, धान मंडी चौराहा, कश्यप भवन, परशुराम चौक, घोड़ा चौपाटी होते हुए त्रिमूर्ति नगर स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचेगी। यहां महाआरती, 56 भोग एवं विशाल महाप्रसाद का आयोजन होगा।

रथयात्रा में भजन मंडलियां, घुड़सवार दल और पारंपरिक बैंड-बाजे आकर्षण का केंद्र रहेंगे। नगर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे। आयोजन समिति ने पुरुषों के लिए पीला कुर्ता-सफेद धोती तथा महिलाओं के लिए लाल परिधान का ड्रेस कोड निर्धारित किया है। यात्रा की अनुमति के लिए प्रशासन को आवेदन भी सौंप दिया गया है। अध्यक्ष स्वयं प्रकाश सोनी ने नगरवासियों से सपरिवार रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment