भोजशाला परिसर को लेकर प्रशासन अलर्ट हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

---Advertisement---

भोजशाला परिसर को लेकर प्रशासन अलर्ट

हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शैलेंद्र जोशी, धार

धार। भोजशाला परिसर को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, धर्मगुरुओं, आगंतुकों और मीडिया प्रतिनिधियों से शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जारी सभी आदेश एवं निर्देश पूर्ण रूप से बाध्यकारी हैं और उनका अक्षरशः पालन कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि, जिसे न्यायालय द्वारा अनुमति नहीं दी गई है, उस पर सख्ती से रोक रहेगी तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि भोजशाला परिसर एवं उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। पुलिस बल लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा अप्रमाणित सामग्री साझा करने से बचें।

जिला प्रशासन ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी जिम्मेदार एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करने का आग्रह किया है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की उत्तेजक अथवा भ्रामक खबरें सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए समाचारों का प्रसारण पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए।

प्रशासन ने सभी समुदायों से न्यायिक प्रक्रिया एवं विधि व्यवस्था का सम्मान करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि शांति, कानून व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

भोजशाला परिसर को लेकर प्रशासन की यह अपील ऐसे समय आई है जब क्षेत्र में संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। प्रशासन ने आमजन से संयम बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और राष्ट्रहित में सहयोग करने का आग्रह किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment