कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने जिला स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला एमसीबी का प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
संगठन द्वारा की गई इस नियुक्ति को युवा नेतृत्व को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि आशीष सिंह के संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और कार्यशैली का लाभ युवा मोर्चा को मिलेगा तथा युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। आशीष सिंह लंबे समय से भाजपा की विचारधारा के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत करने में योगदान देते रहे हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने पर आशीष सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को पार्टी की रीति-नीति और राष्ट्रहित के विचारों से जोड़ने के लिये व्यापक स्तर पर कार्य किया जायेगा।
भाजपा जिला संगठन, युवा मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिये शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजयुमो जिले में और अधिक सक्रिय भूमिका निभायेगा।



































