पदाधिकारियों की बैठक में बनी रणनीति
मनेन्द्रगढ़। विधायक कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में भाजपा की आगामी दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण कार्यशाला के सफल संचालन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों, व्यवस्थाओं और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में जिला प्रशिक्षण कार्यशाला वर्ग प्रमुख राम लखन सिंह पैकरा, वर्ग प्रमुख भीमसेन अग्रवाल, संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, वर्ग नियंत्रक लखन लाल श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल केशरवानी, वर्ग नियंत्रक डोमरू बेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पटवा और जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मंच संचालन जिला महामंत्री आशीष मजूमदार ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने प्रशिक्षण कार्यशाला से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिये प्रभारियों की घोषणा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला प्रशिक्षण कार्यशाला वर्ग प्रमुख राम लखन सिंह पैकरा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 भाजपा की कार्यकर्ता आधारित कार्यशैली को और अधिक सशक्त बनायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में कुल 12 सत्र आयोजित किये जायेंगे जिनमें विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ और वरिष्ठ प्रवक्ता संगठन, विचारधारा और कार्यपद्धति से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
वर्ग प्रमुख भीमसेन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का वास्तविक आधार उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों, संगठन की विचारधारा और लक्ष्य का स्पष्ट ज्ञान होना चाहिये। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है ताकि कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकें। संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षण अनुशासन, संगठन और व्यवस्थित कार्यशैली का आधार होता है। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पूर्व पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग प्रत्येक कार्यकर्ता के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सतत सीखने और संगठन के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।



































