संगठन सशक्तिकरण पर होगा मंथन
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी एमसीबी द्वारा आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को लाई स्थित द गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में हुआ। प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के प्रदेश एवं क्षेत्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। शिविर का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक कौशल का विकास करना तथा उन्हें पार्टी की कार्यपद्धति और जनसंपर्क के विभिन्न आयामों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ अजय जामवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल, प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी अवधेश जैन, प्रशिक्षण प्रभारी रामलखन सिंह पैकरा, प्रशिक्षण व्यवस्था प्रमुख भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, शिविर नियंत्रक लखन लाल श्रीवास्तव, डोमरू बेहरा सहित प्रदेश और जिले के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के लिये सीखने और स्वयं को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि शिविर में आयोजित सभी 11 सत्रों में अनुशासित होकर भाग लेना आवश्यक है ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के विभिन्न विषयों की गहन जानकारी प्राप्त कर सके और उसे अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू कर सके वहीं क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित प्रत्येक कार्यकर्ता को सभी विषयों को गंभीरता से ग्रहण करना होगा। संगठन का विस्तार, जनसंपर्क, संवाद कौशल और सामाजिक विषयों की समझ एक कार्यकर्ता के लिये अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास पर जायें तो वे संगठन की विचारधारा और योजनाओं को प्रभावी ढंग से समाज के सामने रख सकें। अजय जामवाल ने सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों की जानकारी और उसका सकारात्मक उपयोग भी संगठनात्मक कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता गंभीरता से प्रशिक्षण नहीं लेंगे तो शिविर का उद्देश्य अधूरा रह जायेगा। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि हमें राष्ट्रसेवा के लिये सदैव सीखने और स्वयं को विकसित करने के लिये तत्पर रहना चाहिये साथ ही अनुशासन को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने सभी से अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में भाजपा की विचारधारा, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क, सोशल मीडिया प्रबंधन और संगठनात्मक दायित्वों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जायेगा। शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौतियों के लिये तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में अनिल केशरवानी, राहुल सिंह, द्वारिका जायसवाल, आशीष मजूमदार, आनंद ताम्रकार, राम नरेश राय, रामचरित द्विवेदी, सुशील सिंह, श्रीपत राय, मुकेश जायसवाल, भगवान दास समेत लगभग 200 कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।






































