बीसीसीएल में सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित

---Advertisement---
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में दिनांक 29 जून 2026 को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी), बीसीसीएल की अध्यक्षता में सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निदेशकगण, वरिष्ठ सलाहकार (सुरक्षा), डीआईजी, सीआईएसएफ, महाप्रबंधक (सुरक्षा), महाप्रबंधक (ई एंड एम) तथा सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों ने भाग लिया।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, अवैध खनन एवं कोयला चोरी की रोकथाम तथा पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्णय एवं निर्देश दिए गए—

1. पिछली बैठक के निर्णयों पर की गई कार्रवाई (ATR) की समीक्षा की गई तथा सभी लंबित बिंदुओं पर शीघ्र एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

2. आईसीसीसी (Integrated Command & Control Centre) में IP Phone की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण वार्तालापों की साक्ष्य-आधारित कॉल रिकॉर्डिंग उपलब्ध हो सके तथा आवश्यकता पड़ने पर जांच एवं कानूनी कार्यवाही में उसका उपयोग किया जा सके।

3. सुरक्षा उपायों की सतत निगरानी एवं समीक्षा के उद्देश्य से अगली सुरक्षा समीक्षा बैठक 15 दिनों के भीतर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

4. कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक के साथ हुई घटना पर गंभीरता से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि मामले से उच्च अधिकारियों एवं संबंधित मंत्रालय को अवगत कराया जाएगा तथा आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

5. अवैध खनन एवं कोयला चोरी के मामलों में एमएमडीआर अधिनियम (MMDR Act) एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत सीआईएसएफ द्वारा प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर प्रभावी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

6. संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने हेतु निर्देश दिए गए कि बीसीसीएल प्रबंधन एवं सीआईएसएफ के मध्य बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए तथा क्षेत्रीय महाप्रबंधकों द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में दिए गए निर्देशों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप प्रभावी अनुपालन किया जाए, जिससे सुरक्षा अभियानों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

बैठक में सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने दोहराया कि कंपनी अवैध खनन, कोयला चोरी एवं राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा से जुड़े मामलों में ‘शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance)’ की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन, सीआईएसएफ एवं जिला प्रशासन के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा कंपनी की परिसंपत्तियों एवं राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।

धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक के समाप्ति की घोषणा की गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment