कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बीसीसीएल में 16 जून से 30 जून तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत आज ‘स्वच्छता से समृद्धि’ विषय पर बीसीसीएल के विभिन्न परियोजना विद्यालयों में स्वच्छता रैलियों एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसहभागिता का संदेश देते हुए समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यालय स्तर पर पीएफ एवं पेंशन विभाग के सौजन्य से श्री साईं मंदिर, कोयला नगर से स्वामी विवेकानंद चौक तक विशेष स्वच्छता अभियान एवं झाड़ियों की कटाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पीएफ एवं पेंशन विभाग, सिविल विभाग, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सचिवालय, सीएलएमसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सामूहिक श्रमदान कर मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
इसी क्रम में बस्ताकोला क्षेत्र के आदर्श श्रमिक उच्च विद्यालय, गोलकडीह, पश्चिमी झरिया (डब्ल्यूजे) क्षेत्र के मुनीडीह, पुटकी बलिहारी (पीबी) क्षेत्र के डीएवी पब्लिक स्कूल, अलकुसा, लोदना क्षेत्र के डीएवी विद्यालय, पूर्वी झरिया क्षेत्र के पीसीएमएस संस्कृति विद्या मंदिर, डिगवाडीह तथा दुग्दा कोल वाशरी (वाशरी डिवीजन) के डीएवी विद्यालय सहित बीसीसीएल के विभिन्न परियोजना विद्यालयों में स्वच्छता रैलियाँ एवं प्रभात फेरियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने स्वच्छता संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियों एवं नारों के माध्यम से स्थानीय समुदाय को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूक किया। इन कार्यक्रमों में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, बीसीसीएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। दुग्दा स्थित डीएवी विद्यालय में लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ‘स्वच्छता से समृद्धि’ विषय पर जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित किया, जबकि पूर्वी झरिया क्षेत्र के डिगवाडीह में आयोजित प्रभात फेरी में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इसके साथ ही बीसीसीएल के अन्य क्षेत्रों में भी स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की गईं।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 16 जून से प्रारंभ ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत अब तक स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सालयों में स्वच्छता अभियान, तालाबों, जल स्रोतों एवं कॉलोनियों की साफ-सफाई, झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई, वर्षा जल संचयन प्रणालियों का निरीक्षण, सिग्नेचर अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, परियोजना विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएँ, पौधारोपण अभियान तथा साइबर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम जैसी विभिन्न गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इसी क्रम में आज आयोजित स्वच्छता रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय के बीच स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता को और सुदृढ़ किया गया।
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।