बीसीसीएल द्वारा माँ दुःखहरणी धाम में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित

---Advertisement---

कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बीसीसीएल में 16 जून से 30 जून तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत आज ‘स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है (स्वच्छता इज़ एवरीवन्स  बिज़नेस)’ विषय पर बस्ताकोला क्षेत्र द्वारा झरिया स्थित माँ दुःखहरणी धाम में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता को बढ़ावा देना तथा  जनभागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान बस्ताकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम माँ दुःखहरणी धाम में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की तथा इसके उपरांत स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई में सहभागिता की। इस अवसर पर मंदिर परिसर एवं उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से बस्ताकोला क्षेत्र की ओर से मंदिर प्रबंधन समिति को दो डस्टबिन भी उपलब्ध कराए गए। अभियान के माध्यम से धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बीसीसीएल के अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों ने स्वच्छता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक श्रमदान किया और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है’ के संदेश को व्यवहार में अपनाने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 16 जून से प्रारंभ ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत अब तक स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सालयों में स्वच्छता अभियान, तालाबों, जल स्रोतों एवं कॉलोनियों की साफ-सफाई, झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई, वर्षा जल संचयन प्रणालियों का निरीक्षण, सिग्नेचर अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, परियोजना विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएँ एवं स्वच्छता रैलियाँ, पौधारोपण अभियान तथा साइबर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम जैसी विभिन्न गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इसी क्रम में आज धार्मिक स्थल पर आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से जनसहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और सुदृढ़ किया गया।

स्वच्छता पखवाड़ा के समापन अवसर पर कल कंपनी द्वारा पर्यटन स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक स्थलों के निर्माण के संदेश को और व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही बीसीसीएल में 16 जून से जारी स्वच्छता पखवाड़ा का औपचारिक समापन भी किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment