बदरा में ‘प्रस्फुटन शक्ति संचय’ कार्यक्रम संपन्न, जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
रामलाल रौतेल बोले— जनभागीदारी से ही होगा ग्रामीण विकास और जनजातीय समाज का सशक्तिकरण

अनूपपुर। विकासखंड अनूपपुर की ग्राम पंचायत बदरा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) के तत्वावधान में संवाद योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक एवं ‘प्रस्फुटन शक्ति संचय’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामलाल रौतेल ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय समाज के उत्थान और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समितियां शासन और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी सक्रियता से विकास योजनाओं का प्रभाव और अधिक व्यापक हो सकता है।
उन्होंने सामाजिक समरसता, जनभागीदारी और सामुदायिक सहयोग को ग्रामीण विकास का आधार बताते हुए कहा कि गांवों के विकास में स्थानीय लोगों की सहभागिता जितनी मजबूत होगी, उतने ही बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने परिषद के कार्यकर्ताओं से समाज में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान विकासखंड स्तर पर संचालित संवाद गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक उमेश कुमार पाण्डेय ने परिषद की गतिविधियों एवं संवाद योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि जन अभियान परिषद समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर विकास की प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बदरा के सरपंच शिवभान सिंह, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, परामर्शदाता, सीएमसीएलडीपी के छात्र, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज और गांवों के समग्र विकास के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
















