अनूपपुर। प्रकृति संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में ग्राम पंचायत बदरा की नर्सरी इन दिनों आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंगलवार को एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन जमुना-कोतमा क्षेत्र के दौरे पर बदरा पहुंचे, जहां उन्होंने नर्सरी का निरीक्षण किया और वहां किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
नर्सरी पहुंचते ही सीएमडी ने विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधों की जानकारी ली। नर्सरी के संचालक नूर मोहम्मद तन्हा ने उन्हें पौधों के संरक्षण, उत्पादन और पर्यावरण संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों से अवगत कराया। इस दौरान सीएमडी ने नर्सरी में तैयार किए गए आम का स्वाद भी चखा और उसकी गुणवत्ता की खुलकर प्रशंसा की।
नर्सरी की हरियाली और व्यवस्थित संचालन से प्रभावित होकर सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की पहल को आगे बढ़ाने के लिए एसईसीएल का सहयोग भी आवश्यक रहेगा।
दौरे के दौरान जमुना-कोतमा क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बेहतर और उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि इस प्रकार के पर्यावरणीय प्रयासों को और मजबूती मिल सके।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बदरा के सचिव अमित कुमार गुप्ता, सरपंच शिवभान सिंह, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के बिलाल अहमद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष उमेश मिश्रा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बदरा की नर्सरी अब सिर्फ पौध उत्पादन का केंद्र नहीं रही, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का एक मॉडल बनकर उभर रही है, जिसकी गूंज अब एसईसीएल मुख्यालय तक पहुंच चुकी है।





































