बावड़ी उत्सव में जुटे ग्रामीण, प्राकृतिक जल स्रोत की सफाई कर दिया जल संरक्षण का संदेश

---Advertisement---

बावड़ी उत्सव में जुटे ग्रामीण, प्राकृतिक जल स्रोत की सफाई कर दिया जल संरक्षण का संदेश

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बैहार में श्रमदान, जल स्रोतों के संरक्षण का लिया संकल्प

जैतहरी, 12 जून। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तृतीय चरण अंतर्गत “बावड़ी उत्सव कार्यक्रम” के तहत शुक्रवार को जैतहरी विकासखंड के सेक्टर क्रमांक-03 स्थित ग्राम बैहार में विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं ने बावड़ी नुमा प्राकृतिक जल स्रोत की साफ-सफाई कर जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि 5 जून से 30 जून तक जिलेभर में जल गंगा संवर्धन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम बैहार स्थित उस प्राकृतिक जल स्रोत को चयनित किया गया, जहां वर्षभर पानी उपलब्ध रहता है और जो ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण जल स्रोत के रूप में जाना जाता है। बैहार पहाड़ी के नीचे ग्राम पंचायत के समीप स्थित इस जल स्रोत की साफ-सफाई कर उसे संरक्षित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पाण्डेय एवं विकासखंड समन्वयक फत्ते सिंह की विशेष उपस्थिति रही। यह आयोजन नवांकुर संस्था ह्यूमैनिटी केयर फैमिली वेलफेयर एंड हेल्थ सोसायटी जैतहरी के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

सफाई अभियान के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों ने जल स्रोत से कचरा, जलकुंभी, प्लास्टिक पाउच तथा गाद निकालकर परिसर को स्वच्छ बनाया। साथ ही जल स्रोत के आसपास स्वच्छता बनाए रखने एवं इसके संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक उमेश पाण्डेय ने कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है। जल संकट से निपटने के लिए समाज को आगे आकर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में संस्था प्रमुख पुष्पेंद्र नामदेव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बैहार के अध्यक्ष श्याम सिंह, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भेलमा के अध्यक्ष एवं सदस्य, परामर्शदाता राम सिंह, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के बीएसडब्ल्यू छात्र प्रियेश नामदेव, एमएसडब्ल्यू के छात्र सहित बड़ी संख्या में मातृशक्तियों एवं ग्रामवासियों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई तथा भविष्य में भी श्रमदान के माध्यम से जल स्रोतों को संरक्षित रखने का संकल्प लिया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment