बावड़ी उत्सव के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान का विकासखंड स्तरीय समापन
मलगा के बकुलमुनि आश्रम में निकली कलश यात्रा, जल स्रोतों की पूजा-अर्चना व श्रमदान कर संरक्षण का दिया संदेश

जमुना कोतमा मध्य प्रदेश शासन के जल संरक्षण संकल्प के तहत 30 मार्च से 30 जून तक संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का विकासखंड स्तरीय समापन कार्यक्रम मंगलवार को ग्राम पंचायत मलगा स्थित बकुलमुनि आश्रम धाम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभियान के तृतीय चरण “बावड़ी उत्सव” के अंतर्गत कलश यात्रा, जल स्रोतों की पूजा-अर्चना, श्रमदान तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही। राम मंदिर में आरती के बाद श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने कलश यात्रा निकाली और बावड़ी सहित जल उद्गम स्थलों की पूजा-अर्चना कर साफ-सफाई अभियान चलाया। इस दौरान जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
जिला समन्वयक उमेश पांडे ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों जैसे बावड़ी, तालाब और कुओं का संरक्षण, पुनर्जीवन तथा जनभागीदारी के माध्यम से जल संकट का स्थायी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि “बावड़ी उत्सव” समाज को अपनी सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक जल स्रोतों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है तथा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने के लिए जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
रामकिशोर जन उत्थान समिति के प्रतिनिधि नागेंद्र सिंह ने अभियान के अंतर्गत किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से जल एवं पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। परिषद की परामर्शदाता शिवानी सिंह ने अभियान के तीनों चरणों की जानकारी देते हुए जल संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। समाजसेवी हीरालाल ने जल के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए, जबकि सरपंच रेखा सिंह ने ग्रामीणों से सभी जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गंभीरवाटोला के सचिव रमेश लाल केवट ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर परामर्शदाता शिवानी सिंह, सरपंच रेखा सिंह, पसान नगर विकास प्रस्फुटन समिति के प्रतिनिधि विजय जायसवाल, रामकिशोर जन उत्थान समिति के नागेंद्र सिंह, अभिनव समाजसेवी संस्था के मुकेश गौतम, कोशिश सेवा समिति के अमीन अहमद, समाजसेवी हीरालाल, मंदिर के पुजारी, दुल्लीचंद, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




































