अनूपपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनवरी 2026 से 8 जून 2026 तक कुल 145 प्रकरण दर्ज किए हैं। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों से 30 लाख 94 हजार 242 रुपये का अर्थदंड वसूल कर शासकीय कोष में जमा कराया गया है। विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और राजस्व संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उप संचालक खनिज श्रीमती आशा लता वैद्य ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में खनिज, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध खनिज परिवहन के 104, अवैध उत्खनन के 32 तथा अवैध भंडारण के 9 प्रकरण दर्ज किए गए। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर अर्थदंड की वसूली की गई।
उन्होंने बताया कि जिले में खनिज संपदा के संरक्षण तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि रोकने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस विशेष अभियान में खनिज निरीक्षक ईशा वर्मा की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। उन्होंने विभिन्न स्थलों पर निरीक्षण, जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी संयुक्त टीमों द्वारा नियमित निरीक्षण और सघन जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा
































