जमुना/अनूपपुर।
अनूपपुर के पूर्व विधायक रामलाल रौतेल को अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर पूरे जमुना क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार जश्न मनाया। जमुना कोऑपरेटिव परिसर में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए, जहां पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से राम अवध सिंह, लाल बहादुर जायसवाल, नरेश चंद शर्मा, राजेश सिंह, चंडिकांत झा और महीप द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इसे क्षेत्र और जनजातीय समाज के लिए गौरव का क्षण बताया।
कार्यक्रम के दौरान लाल बहादुर जायसवाल ने कहा कि रामलाल रौतेल ने हमेशा जनजाति समाज के उत्थान के लिए समर्पित होकर कार्य किया है। उनके नेतृत्व में समाज के विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी वे जनजातीय वर्ग के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए और अधिक प्रभावी कार्य करेंगे।
जायसवाल ने आगे कहा कि यह नियुक्ति केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और जनजातीय समाज की जीत है। इससे समाज के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे आगे बढ़कर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें और समाज को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। “रामलाल रौतेल जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर लोगों में गर्व और उम्मीद दोनों साफ नजर आए।




































































