श्रमोदय ITI में प्रवेश और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
अनूपपुर 14 मई 2026/ जिले के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और असंगठित कर्मकारों के बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिले की चारों जनपद पंचायतों में विशेष जन-जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रम पदाधिकारी, जिला अनूपपुर ने बताया कि आगामी 18 और 19 मई 2026 को भोपाल से आई विशेषज्ञ टीम द्वारा युवाओं को श्रमोदय आई.टी.आई. कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया और कौशल उन्नयन की जानकारी दी जाएगी।
भोपाल से अकादमी टीम के प्रतिनिधि श्री राम नारायण साहू जिले के प्रवास पर रहेंगे, जो विभिन्न जनपद मुख्यालयों में आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। शिविर में प्रवेश मार्गदर्शन के साथ-साथ श्रमिकों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की बारीकियों को भी समझाया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 मई को प्रातः 11:00 बजे जनपद पंचायत जैतहरी और दोपहर 1:00 बजे जनपद पंचायत अनूपपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी प्रकार 19 मई को दोपहर 12:00 बजे जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ और अपरान्ह 3:00 बजे जनपद पंचायत कोतमा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही उनकी समस्याओं और शंकाओं के समाधान का अवसर प्राप्त होगा।
श्रम पदाधिकारी ने जिले के समस्त पंजीकृत कर्मकारों, श्रमिक परिवारों और इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे अपनी संबंधित जनपद पंचायत में निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वपूर्ण जानकारी से वंचित न रहे।



































