अनूपपुर जिले के सभी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज,
राजस्व कार्य प्रभावित होने के आसार
अनूपपुर। मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के आह्वान पर सोमवार से अनूपपुर जिले के सभी पटवारी अपनी पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन के अंतिम चरण में प्रवेश करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के पहले दिन पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर अनूपपुर को ज्ञापन सौंपा तथा अपने बस्ते एवं राजस्व अभिलेख संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कर दिए।
पटवारी संघ जिला इकाई अनूपपुर के अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से अपनी पांच सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसके विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ के निर्देशानुसार अनूपपुर जिले की सभी तहसीलों के पटवारियों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है।
संघ ने प्रमुख रूप से
1. कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ,
2. नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा का नियमित आयोजन, 3.पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करने,
4.विभिन्न योजनाओं के लंबित मानदेय एवं भुगतानों का शीघ्र भुगतान,
5. पटवारी संघ के पदाधिकारियों के स्थानांतरण नियमों के विरुद्ध किए गए तबादलों को निरस्त करने की मांग उठाई है।
संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों के लिए आवश्यक राजस्व प्रतिवेदन सहित पटवारियों से संबंधित विभिन्न राजस्व कार्य प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पटवारी संघ ने शासन से मांग की है कि उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल की जाए। साथ ही प्रशासन को हड़ताल की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भी अवगत कराया गया है।





























































