अमरकंटक नवोदय विद्यालय में हिंदी पखवाड़े का समापन ,
प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित हिंदी पखवाड़े का समापन हिंदी दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक किया गया ।
हिंदी पखवाड़े के शुभारंभ में विद्यालय की प्राचार्या अर्चना सिंह पायक ने बच्चों को हिंदी की रोचक जानकारी दी ।
हिंदी पखवाड़ा 01 से 14 सितंबर 26 तक चले इस आयोजन में काव्य पाठ , निबंध लेखन , आशु भाषण , नारा लेखन , राजभाषा प्रश्नोत्तरी , श्रुतलेखन एवं हिंदी टंकण सहित विभिन्न साहित्यिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं , जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया ।
समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ । प्रभारी प्राचार्य डी.एस. सेंगर ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं बल्कि हमारी संस्कृति , साहित्य और राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान है ।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मनोरमा कौशल ने किया ।
अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया ।







































































