अमरकंटक नगर परिषद ने नुक्कड़ नाटक और कठपुतली शो के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश

---Advertisement---

अमरकंटक नगर परिषद ने नुक्कड़ नाटक और कठपुतली शो के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश

कचरा पृथक्करण एवं वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए नागरिकों को किया जागरूक

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत गुरुवार को नगर परिषद द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया । अभियान के तहत नगर के प्रमुख चौराहों , बाजार क्षेत्रों एवं विभिन्न वार्डों में नुक्कड़ नाटक और कठपुतली शो का आयोजन कर नागरिकों को स्वच्छता , कचरा पृथक्करण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया ।

कार्यक्रम में कलाकारों ने मनोरंजक एवं संदेशपरक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता का महत्व समझाते हुए घर-घर कचरे के पृथक्करण की आवश्यकता पर जोर दिया । नुक्कड़ नाटक और कठपुतली शो के जरिए बताया गया कि कचरे का सही वर्गीकरण न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है बल्कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है ।

जनजागरूकता कार्यक्रम में नागरिकों को हरे , नीले एवं काले डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी गई । बताया गया कि हरे डस्टबिन में गीला एवं जैविक कचरा जैसे बचा हुआ भोजन , सब्जियों एवं फलों के छिलके , फूल-पत्तियां तथा बगीचे का कचरा डाला जाए । वहीं नीले डस्टबिन में प्लास्टिक , कागज , गत्ता , कांच एवं धातु जैसी सूखी सामग्री रखी जाए । इसके अलावा बैटरियां , खराब बल्ब , ट्यूबलाइट , एक्सपायरी दवाइयां , पेंट के डिब्बे एवं अन्य रासायनिक अपशिष्टों को काले डस्टबिन में अलग से रखने की अपील की गई ।

अमरकंटक नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे कचरे को निर्धारित श्रेणियों में अलग-अलग एकत्रित कर परिषद के कचरा संग्रहण वाहनों को ही सौंपें तथा सार्वजनिक स्थानों , सड़कों और नालियों में कचरा फेंकने से बचें । अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं , बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है ।

अभियान के दौरान लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है । यदि सभी नागरिक स्वच्छता के नियमों का पालन करते हुए कचरे का उचित प्रबंधन करें , तो अमरकंटक को स्वच्छ , सुंदर और आदर्श नगर के रूप में स्थापित किया जा सकता है ।
नगर परिषद ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 में अमरकंटक को उत्कृष्ट स्थान दिलाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए “स्वच्छ अमरकंटक , स्वस्थ अमरकंटक” के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment