संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी जो मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक-आध्यात्मिक तीर्थ स्थल है । आज 8 मई 2026 अमरकंटक में दिन शुक्रवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे अचानक मौसम ने करवट ली और करीब आधे घंटे तक तेज झमाझम वर्षा गरज-लपक के साथ होती रही । इस अप्रत्याशित वर्षा से अमरकंटक का मौसम एक बार फिर अत्यंत सुहावना एवं खुशनुमा हो गया ।
लगातार हुई वर्षा के कारण नगर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे बढ़ती गर्मी पर प्रभावी ब्रेक लग गया । ज्येष्ठ माह में जहां सामान्यतः तीखी एवं चुभन भरी गर्मी महसूस होती है वहीं अमरकंटक में इन दिनों शीतलता और ठंडक भरा वातावरण बना हुआ है । वर्षा के बाद पूरे क्षेत्र में नमी और हरियाली की ताजगी साफ दिखाई दी ।
शुक्रवार को अमरकंटक का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । वहीं शांत एवं प्राकृतिक वातावरण वाले अमरकंटक में वायु की शुद्धता 41 पर रही जिससे मौसम और भी सुखद महसूस हुआ ।
बारिश के बाद नगर के प्राकृतिक सौंदर्य में और अधिक निखार आ गया । पहाड़ियों , वृक्षों और मैदानों में फैली हरियाली ने पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों को विशेष रूप से आकर्षित किया । दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु और पर्यटक इस मौसम का भरपूर आनंद लेते हुए दिखाई दिए।
अमरकंटक आए हुए पर्यटको का कहना है कि – उम्मीद से अधिक सुहावना है यहां का वातावरण उससे भी अधिक मनमोहक और शीतल है । उन्होंने कहा कि यहां गर्मी की तपिश लगभग महसूस ही नहीं हो रही है । चारों ओर फैली हरियाली , हरे-भरे वृक्ष और मैदानों में हरी-भरी घास अमरकंटक को विशेष प्राकृतिक सौंदर्य प्रदान कर रही है ।
पवित्र नगरी अमरकंटक में मौसम के इस सुखद बदलाव ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी राहत और आनंद का एहसास कराया है ।





































