अमरकंटक में मेघों की मेहरबानी से छाई ठंडक , पर्यटकों को मिली तपती गर्मी से राहत

---Advertisement---

बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम हुआ सुहावना,श्रद्धालु , पर्यटक बोले— “जन्नत जैसा एहसास”

 

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

 

अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली /पवित्र नगरी अमरकंटक जो प्रदेश के प्रमुख धार्मिक-आध्यात्मिक और पर्यटन स्थल है । यहां बीते तीन दिनों से मौसम ने अप्रत्याशित करवट ली है । तेज आंधी-तूफान , गरज-चमक और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने पूरे क्षेत्र के मौसम को सुहावना बना दिया है । लगातार वर्षा के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है ।

जहां कुछ दिन पहले अमरकंटक का तापमान लगभग 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था वहीं अब यह घटकर 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया है । बारिश के बाद चल रही ठंडी हवाओं ने वातावरण में ठंडक घोल दी है जिससे पूरा क्षेत्र खुशनुमा और ताजगीभरा महसूस हो रहा है ।

शुक्रवार रात लगभग 09 बजे एक बार फिर तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ जो करीब एक घंटे तक जारी रहा । कभी तेज तो कभी हल्की बारिश के बीच तेज हवाओं के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही । मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में कम दबाव का प्रभाव बना हुआ है जिसके चलते अनूपपुर जिले सहित अमरकंटक क्षेत्र में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना हुआ है ।

शनिवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे से फिर रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। वर्षा के बाद वातावरण और अधिक शीतल हो गया है । ठंडी हवाओं के साथ वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया जिससे प्राकृतिक वातावरण और अधिक स्वच्छ एवं आनंददायक महसूस हो रहा है ।

इस बदले मौसम का आनंद लेने के लिए बाहर से आए पर्यटक और श्रद्धालु खासे उत्साहित नजर आए । उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से परिवार सहित आए उपेंद्र सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में इन दिनों तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच गया है जबकि अमरकंटक पहुंचते ही उन्हें “जन्नत जैसा एहसास” हो रहा है ।

कानपुर से आए मिश्रा परिवार ने कहा कि अमरकंटक का मौसम, शांति और प्राकृतिक सौंदर्य मन को सुकून देने वाला है । वहीं जबलपुर से आए पर्यटक उत्तम विश्वकर्मा ने भी परिवार सहित यहां के मौसम और हरियाली की सराहना की है ।

अहमदाबाद से आए श्रद्धालुओं के एक दल ने रामघाट में मां नर्मदा के पावन जल में स्नान कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया । श्रद्धालुओं ने कहा कि अमरकंटक का यह सुखद मौसम और आध्यात्मिक वातावरण उनकी यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया ।

बारिश ने न केवल तपती गर्मी से राहत दिलाई है बल्कि अमरकंटक के प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक आभा को भी और अधिक मनोहारी बना दिया है । सुहावने मौसम के बीच यहां पहुंच रहे पर्यटक और श्रद्धालु प्रकृति और आस्था के अद्भुत संगम का भरपूर आनंद ले रहे हैं ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

May 2, 2026

May 2, 2026

May 2, 2026

May 2, 2026

May 2, 2026

May 2, 2026

Leave a Comment