अमरकंटक में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
अध्यक्ष,उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं विद्यार्थियों की रही उत्साहपूर्ण सहभागिता
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली एवं पवित्र नगरी अमरकंटक में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास , उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया । नगर परिषद अमरकंटक सहित विभिन्न शासकीय , अर्धशासकीय , शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई । पूरे नगर में तिरंगा शान से लहराता रहा और देशभक्ति के नारों तथा राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी ।
नगर परिषद अमरकंटक द्वारा आयोजित मुख्य समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की । इसके पश्चात अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष एड रज्जू सिंह नेताम ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित जनसमुदाय को दी गई ।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह उइके , अमरकंटक विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेंद्र भारती , मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते , नगर परिषद उपाध्यक्ष एडवोकेट रज्जू सिंह नेताम , मंडल अध्यक्ष रोशन पनारिया , सांसद प्रतिनिधि प्रकाश द्विवेदी , विधायक प्रतिनिधि श्यामलाल सेन , नर्मदा मंदिर पुजारीगण , पार्षदगण , एल्डरमैन , विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि , समाजसेवी , शिक्षक , विद्यार्थी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
इस अवसर पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का पर्व नहीं है , बल्कि उन अमर वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करने का दिन है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया ।
मां नर्मदा उद्गम मंदिर प्रांगण के मुख्य द्वार पर भी नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया गया जहां विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया । इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला ।
इसके अलावा पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय , कल्याणिका महाविद्यालय , कल्याणिका स्कूल , अमरकंटक विकास प्राधिकरण , सरस्वती शिशु मंदिर , नवीन माध्यमिक विद्यालय , थाना अमरकंटक , नगर परिषद कार्यालय , विद्युत विभाग कार्यालय , उप तहसील सहित विभिन्न संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए । थाना प्रभारी मानिम टोप्पो ने थाना परिसर में ध्वज फहराकर देश की एकता , अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की ।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया , जिनमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत , नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की । नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वतंत्रता दिवस को उत्साह , गौरव और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया ।




































