अमरकंटक में घंटों हुई झमाझम मूसलाधार वर्षा , मौसम हुआ खुशनुमा
नर्मदा उद्गम क्षेत्र के डेम हुए लबालब , किसानों और पर्यटकों के चेहरे खिले
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में शनिवार को लगभग डेढ़ से दो घंटे तक हुई झमाझम मूसलाधार वर्षा ने पूरे क्षेत्र को तरबतर कर दिया । सुबह करीब 10:30 बजे से लगभग दोपहर 12.30 बजे तक लगातार हुई बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और वातावरण में शीतलता एवं ताजगी घुल गई । बारिश के चलते नर्मदा नदी में बने अधिकांश डेम और जलाशय लबालब भर गए ।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी क्षेत्र में अच्छी वर्षा हुई थी । लगातार हो रही बारिश से जहां जलस्त्रोतों में जलस्तर बढ़ा है वहीं लंबे समय से उमस भरी गर्मी और तपिश से परेशान लोगों को भी बड़ी राहत मिली है । शनिवार की मूसलाधार वर्षा ने पूरे अमरकंटक अंचल को नई ताजगी और हरियाली से भर दिया ।
बारिश के बाद अमरकंटक की पर्वतमालाएं , घने वन क्षेत्र , नर्मदा उद्गम क्षेत्र और आसपास के प्राकृतिक स्थल और अधिक मनोहारी दिखाई देने लगे । ठंडी हवाओं और हरियाली से सराबोर वातावरण ने यहां पहुंचे पर्यटकों और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया । अनेक पर्यटक बारिश का आनंद लेते हुए प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करते नजर आए ।
अनुमानित दिन का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । वर्षा के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली और पूरे क्षेत्र में मौसम सुहावना बना रहा ।
स्थानीय नागरिकों और किसानों ने इस वर्षा का स्वागत करते हुए इसे खरीफ फसलों के लिए शुभ संकेत बताया है । किसानों का कहना है कि समय पर हुई अच्छी बारिश से कृषि कार्यों को गति मिलेगी तथा फसलों की बुआई में लाभ होगा । साथ ही क्षेत्र में हरियाली बढ़ने और जलस्रोतों के पुनर्भरण की उम्मीद भी मजबूत हुई है।
अमरकंटक में हुई इस मूसलाधार वर्षा ने जहां एक ओर मौसम को खुशनुमा बना दिया वहीं दूसरी ओर प्रकृति के अनुपम सौंदर्य को भी नई चमक प्रदान कर दी । बारिश के बाद पवित्र नगरी अमरकंटक का रमणीय और आकर्षक स्वरूप श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है ।



































