अमरकंटक में चौथे सोमवार के बाद घाट-मंदिर हुए शांत ,

---Advertisement---

अमरकंटक में चौथे सोमवार के बाद घाट-मंदिर हुए शांत ,

एक माह तक शिवमय रही पवित्र नगरी

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / आस्था की पावन नगरी अमरकंटक में श्रावण मास के चौथे सोमवार के समापन के साथ ही एक माह से उमड़ा श्रद्धा और शिवभक्ति का सैलाब धीरे-धीरे थम स गया । सोमवार तक जहां नर्मदा उद्गम मंदिर , कोटितीर्थ घाट , रामघाट , ज्वालेश्वर धाम तथा नगर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही थी , वहीं मंगलवार को घाटों और मंदिर परिसरों में सामान्य दिनों जैसा शांत वातावरण देखने को मिला ।

श्रावण मास के प्रारंभ से ही देश के विभिन्न राज्यों से शिवभक्त , कांवड़िये और श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचते रहे । मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर स्नान , दर्शन एवं पूजन-अर्चन के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया । पूरे माह अमरकंटक की फिजाएं “हर-हर महादेव” और “जय मां नर्मदा” के जयघोष से गूंजती रहीं । विशेष रूप से अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा , जिससे पूरा नगर शिवमय हो उठा ।

पुलिस प्रशासन रहा सतर्क , सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जनप्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए पुलिस एवं जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा । राजेंद्रग्राम एसडीओपी नवीन तिवारी तथा अमरकंटक थाना प्रभारी मानिम टोप्पो के नेतृत्व में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई । प्रमुख धार्मिक स्थलों , घाटों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा लगातार निगरानी रखी गई ।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचते रहे , जिसके मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया । जिला प्रशासन की सतर्कता और सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते पूरे माह श्रद्धालुओं ने सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन किया तथा किसी भी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली ।

धार्मिक गतिविधियों से बढ़ी रौनक , व्यापार को मिला लाभ

श्रावण मास के दौरान अमरकंटक में धार्मिक आयोजनों , कांवड़ यात्राओं , भजन-कीर्तन और विशेष पूजन कार्यक्रमों ने आध्यात्मिक वातावरण को जीवंत बनाए रखा । बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं से स्थानीय व्यापार , होटल व्यवसाय , परिवहन और पर्यटन गतिविधियों को भी उल्लेखनीय लाभ मिला । नगर के बाजारों में पूरे माह चहल-पहल बनी रही ।
अब श्रावण मास के समापन के बाद अमरकंटक पुनः अपनी सामान्य गति में लौट रहा है , लेकिन एक माह तक चली शिवभक्ति , श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह की स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के मन में बनी रहेंगी । आगामी रक्षाबंधन , कजलियां और अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर नगर में नई तैयारियां भी शुरू हो गई हैं । श्रावण की भीड़ भले ही लौट गई हो , किंतु भगवान शिव और मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा की अमिट छाप आज भी अमरकंटक की फिजाओं में महसूस की जा सकती है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment