अमरकंटक में भाजपा का जिला प्रशिक्षण महा अभियान प्रारंभ

---Advertisement---

अमरकंटक में भाजपा का जिला प्रशिक्षण महा अभियान प्रारंभ

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महा अभियान का पवित्र नगरी अमरकंटक में शुभारंभ

अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित कल्याण आश्रम में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महा अभियान का शुभारंभ प्रदर्शनी उद्घाटन के साथ किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल, राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, अमरकंटक प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेंद्र भारती , भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम तथा कार्यक्रम के जिला प्रभारी दिलीप पांडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।

प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर हुआ पहला सत्र

प्रशिक्षण महा अभियान के प्रथम सत्र में मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार एवं प्रदेश की मोहन यादव सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, युवा एवं किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। गरीबों को मुफ्त राशन तथा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में नौकरियों पर प्रतिबंध जैसी स्थिति थी, जबकि भाजपा सरकार युवाओं को लगातार रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। प्रथम सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता अंबिका तिवारी ने की।

संगठन कार्य विस्तार की दी जानकारी

दूसरे सत्र के मुख्य वक्ता अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल रहे तथा अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास पुरी ने की। रामलाल रौतेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन का विस्तार निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बल पर ही संभव हुआ है। सीमित कार्यकर्ताओं से शुरू हुई पार्टी आज पूरे देश में मजबूत संगठन के रूप में स्थापित है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा समाज के सभी वर्गों तक भाजपा की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया।

संगठन की कार्यपद्धति से कराया अवगत

तीसरे सत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश पांडे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल गुप्ता ने की। राजेश पांडे ने कहा कि राजनीति में स्वच्छ छवि बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन की कार्यपद्धति के अनुरूप कार्य करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने आत्मविश्वास, आत्मनियंत्रण, आत्मनिर्भरता एवं सेवाभाव जैसे विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे।

मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा

प्रशिक्षण वर्ग के चौथे सत्र की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम ने की। इस सत्र में भाजपा के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल पटेल एवं प्रदेश मीडिया कार्यकारिणी सदस्य योगेंद्र शुक्ला ने मीडिया एवं सोशल मीडिया के महत्व पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क एवं सकारात्मक छवि निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है। कार्यकर्ताओं को समय के साथ तकनीकी रूप से सक्षम बनने की आवश्यकता है। उन्होंने समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन से लेकर सोशल मीडिया तक के विकास क्रम पर भी विस्तार से चर्चा की। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment