अमरकंटक में अधिमास कमला एकादशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने नर्मदा में किया पुण्य स्नान

---Advertisement---

अमरकंटक में अधिमास कमला एकादशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने नर्मदा में किया पुण्य स्नान

 

नौतपा की तीव्र तपन भी नहीं डिगा सकी आस्था, नर्मदा स्नान एवं दर्शन को लेकर उमड़ा जनसैलाब

 

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

 

अमरकंटक — मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में चल रहे अधिमास ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की पावन कमला एकादशी एवं हस्त नक्षत्र के शुभ अवसर पर बुधवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला । नौतपा की तेज तपिश और बढ़ते तापमान के बावजूद हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र सलिला मां नर्मदा के कोटि तीर्थ घाट एवं रामघाट में पुण्य स्नान कर धर्म लाभ अर्जित किया ।

एकादशी के प्रातःकाल से ही मां नर्मदा उद्गम स्थल पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं । दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ स्नान उपरांत मां नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि , उत्तम स्वास्थ्य , अमन-चैन एवं दीर्घायु की कामना करते हुए मां से आशीर्वाद प्राप्त किया । मंदिर परिसर में दर्शन के पश्चात श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के अनेक धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर आनंद प्राप्त किया ।

नौतपा के तीसरे दिन अमरकंटक क्षेत्र में तापमान लगभग 38 से 39 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने से दिनभर तेज गर्मी और तीखी धूप का असर बना रहा लेकिन धार्मिक आस्था के आगे मौसम का प्रभाव भी फीका पड़ता दिखाई दिया । श्रद्धालुओं के उत्साह, उमंग और श्रद्धा में कहीं भी कमी नहीं दिखी । बड़ी संख्या में तीर्थयात्री , पर्यटक एवं दर्शनार्थी दिनभर मां नर्मदा के दर्शन एवं स्नान के लिए पहुंचते रहे ।

मां नर्मदा के जयकारों , मंदिरों की घंटियों और धार्मिक वातावरण ने पूरे तीर्थ क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया । अधिमास कमला एकादशी के इस पुण्य अवसर पर अमरकंटक में आस्था , श्रद्धा और सनातन परंपरा का अनुपम स्वरूप देखने को मिला ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment