अमरकंटक के समग्र विकास पर संतों संग मंथन

---Advertisement---

 

 

राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रसाद जी ने श्री कल्याण सेवा आश्रम में की विशेष चर्चा

 

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

 

अमरकंटक — मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र धार्मिक नगरी अमरकंटक स्थित श्री कल्याण सेवा आश्रम में एक महत्वपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण बैठक आयोजित की गई । इस दौरान राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रसाद जी ने आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज से भेंट कर अमरकंटक के समग्र विकास , धार्मिक पर्यटन , पर्यावरण संरक्षण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की ।

बैठक में अमरकंटक की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष मंथन हुआ । संतों एवं उपस्थित गणमान्यजनों ने कहा कि अमरकंटक केवल एक तीर्थस्थल नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति , सनातन परंपरा , पर्यावरण चेतना और आध्यात्मिक साधना का जीवंत केंद्र है , जिसकी गरिमा और महत्व को बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं ।

 

चर्चा के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन देने , तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाओं के विस्तार , स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ क्षेत्र के संतुलित विकास की दिशा में ठोस पहल करने पर भी विचार-विमर्श किया गया ।

इस अवसर पर स्वामी हरस्वरूप जी महाराज एवं स्वामी धर्मानंद जी महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे । संतजनों ने सामाजिक समरसता , सेवा कार्यों और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए सकारात्मक संवाद और सहयोगात्मक प्रयासों को समाजहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया ।

बैठक का वातावरण आध्यात्मिक गरिमा , सौहार्द एवं जनकल्याण के संकल्प से ओतप्रोत दिखाई दिया । संतों और अतिथियों ने अमरकंटक के उज्ज्वल भविष्य एवं सांस्कृतिक वैभव को संरक्षित रखते हुए विकास की नई दिशा देने का संकल्प भी व्यक्त किया ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment