अमरकंटक के शंभुधारा में विश्व पर्यावरण दिवस पर होगा वृहद वृक्षारोपण
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए जाएंगे पौधे , चलाया जाएगा स्वच्छता अभियान
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 के अवसर पर अमरकंटक के शंभुधारा क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा । भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत बड़ी संख्या में पौधारोपण किया जाएगा ।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार वन विभाग द्वारा शंभुधारा क्षेत्र में विभिन्न देसी प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना , हरित आवरण में वृद्धि करना तथा प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना है ।
वन परिक्षेत्राधिकारी व्ही.के. श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे । उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है और यह अभियान लोगों को प्रकृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा ।
वहीं नगर परिषद अमरकंटक द्वारा शंभुधारा क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा । नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते ने बताया कि प्रातःकाल से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा , जिसके साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा ।
उन्होंने नगरवासियों , सामाजिक संगठनों , जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान में सहभागिता करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है ।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान मातृत्व सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला एक महत्वपूर्ण जन-अभियान है । विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह पहल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने , हरियाली बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ , सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित होगी ।




































