अमरकंटक के चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में जनसेवा की सशक्त भावना को साकार करते हुए 22 मार्च 2026 दिन रविवार को चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया । श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा संचालित इस चिकित्सालय में आयोजित शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उठाया ।
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों की गहन जांच एवं उपचार किया । अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव कौशिक द्वारा हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों का परीक्षण किया गया वहीं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया ।
इसके अतिरिक्त डॉ. अविकेशा साहू , डॉ. चन्द्रभूषण , डॉ. बलदेव एवं डॉ. संतोष तिवारी सहित अन्य चिकित्सकों ने भी विभिन्न सामान्य एवं जटिल रोगों के निदान में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । शिविर में सभी आयु वर्ग के मरीजों को समुचित स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोग लाभान्वित हुए ।
शिविर के सफल संचालन में राजेश तिवारी , दीपक चंद्रवंशी , सुखनंदन सिंह , ईश्वरी पेंद्राम , राम स्नेही सेन एवं सहयोगी साहिल का विशेष योगदान रहा जिन्होंने पंजीयन से लेकर व्यवस्थाओं तक सभी कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया । उल्लेखनीय है कि शिविर में आए मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई जो सेवा , समर्पण और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ । आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन , विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था जो सार्थक रूप से पूरा हुआ ।
आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविरों के आयोजन की प्रतिबद्धता जताते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो ।
इसके पूर्व सप्ताह 15 मार्च को भी डाक्टरों टीम उपस्थित हो कर लोगों के स्वास्थ्य शिविर में जांच उपरांत दवाइयां वितरित किया गया था । इस शिविर में मुख्य रूप से डॉ इपशिता प्रियदर्शिनी , डॉ मीनाक्षी , डॉ आशुतोष पाठक , फार्मासिस्ट देवेश पटेल सहित अन्य सहयोगी रहे । इस शिविर में 43 लोगों का रजिस्ट्रेशन किया गया था तथा 4 अन्य जनरल चेकअप हुआ ।






