अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग पर स्कूल बस और ऑटो की भिड़ंत  ऑटो चालक की मौत , दो महिलाएं घायल

---Advertisement---

अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग पर स्कूल बस और ऑटो की भिड़ंत 

ऑटो चालक की मौत , दो महिलाएं घायल

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में 15 अगस्त 2026 की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया । अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग पर घने कोहरे के बीच स्कूल बस और इलेक्ट्रॉनिक ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई । हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं

प्राप्त जानकारी के अनुसार कपिलासंगम वार्ड क्रमांक 08 अमरकंटक निवासी सतीश जायसवाल (50) इलेक्ट्रॉनिक ऑटो क्रमांक CG 10 CF 1961 से सवारियां लेकर अमरकंटक से ज्वालेश्वर की ओर जा रहे थे । इसी दौरान पोड़की की ओर से आ रही स्कूल बस क्रमांक MP 65 P 0141 से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई । टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो चालक सतीश जायसवाल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई 

विद्यालय बस चालक की पहचान चंद्रिका प्रसाद पड़वार (35) बांधा अमरकंटक के रूप में हुई है । बताया गया कि बस में पोड़की क्षेत्र के बच्चे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सरस्वती विद्यालय अमरकंटक आ रहे थे । राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के दौरान बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे

हादसे में घायल मीनाक्षी उर्फ मोहनी (23) निवासी टिकरीटोला तथा ललिता कीर (55) निवासी पिपरिया जिला नर्मदापुरम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक लाया गया । प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया । चिकित्सकों के अनुसार दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं तथा फ्रैक्चर की आशंका भी जताई गई है ।

पुलिस को दिए गए बयान में घायल मीनाक्षी ने घटना की जानकारी दी । शिकायत के आधार पर पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है । पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है ।

जानकारी के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में बारिश के बाद घना कोहरा छाया हुआ था जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी । पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और स्कूल बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment