अधिवक्ता परिषद चुनाव में कोतमा बार का उत्साह

---Advertisement---

अधिवक्ता परिषद चुनाव में कोतमा बार का उत्साह

मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव हेतु हुआ मतदान, 310 अधिवक्ताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

कोतमा। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव के अंतर्गत मंगलवार को कोतमा न्यायालय परिसर में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही, जिसमें लगभग 310 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान को लेकर पूरे दिन न्यायालय परिसर में हलचल और उत्साह का माहौल बना रहा।

प्रदेशभर में अधिवक्ता परिषद के 25 सदस्यों के चयन के लिए चुनाव कराए जा रहे हैं। इनमें से 23 सदस्य मतदान के माध्यम से चुने जाएंगे, जबकि 2 सदस्य निर्वाचित होंगे। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही अधिवक्ताओं की भीड़ मतदान केंद्र पर पहुंचने लगी थी।

कोतमा न्यायालय परिसर के बाहर विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक एवं प्रतिनिधि अधिवक्ताओं से संपर्क कर मतदान के लिए प्रेरित करते नजर आए। चुनावी माहौल के चलते न्यायालय परिसर में पूरे दिन गहमागहमी बनी रही। विशेष बात यह रही कि शहडोल संभाग से भी दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिसके कारण संभागीय स्तर पर भी इस चुनाव को लेकर विशेष रुचि देखी गई।

महिला अधिवक्ताओं ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। महिला अधिवक्ताओं की सहभागिता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश सोनी ने बताया कि चुनाव अधिकारी सत्र न्यायाधीश विक्रम सिंह एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। मतदान के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखा जाएगा तथा आगामी चरण में जबलपुर में मतगणना की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। चुनाव परिणामों को लेकर अधिवक्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है।

अधिवक्ता परिषद चुनाव को लेकर कोतमा न्यायालय में पूरे दिन लोकतांत्रिक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment