अनूपपुर। घर से लापता हुए 19 वर्षीय युवक को कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे जिले से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 पुरानी बस्ती अनूपपुर निवासी विजय लाल कोल ने 18 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 19 वर्षीय पुत्र सूजल कोल 3 अक्टूबर से बिना बताए घर से लापता है। उसका मोबाइल फोन भी बंद था। शिकायत पर कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 557/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की गई।
थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से युवक की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को लापता युवक की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे जिले के दक्षिण महालुंगे क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर सूजल कोल को सुरक्षित दस्तयाब किया।
दस्तयाबी के बाद युवक को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर उसके कथन कराए गए। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार तथा पंकज मिश्रा की भूमिका रही। कोतवाली पुलिस की तत्परता और तकनीकी सहायता से महाराष्ट्र तक पहुंचकर युवक को सुरक्षित वापस लाना पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।













































