विजय शंकर सोनी /अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी क्षेत्र के ग्राम अमगंवा चौक पर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। फरियादी नील शाह सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे राजकुमार केवट के साथ भी मारपीट किए जाने व जान से मारने की बात कही गई है। पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी नील शाह सोनी, पिता स्वर्गीय रामलाल सोनी, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम अमगंवा, 23 नवंबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे अपने घर से अमगंवा चौक घूमने के लिए निकले थे। वह लाला कहार की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे उन्होंने धनसिंह गोंड के साथ विपुल कहार और सचिन कहार के बीच मारपीट और हंगामा होते देखा। पुलिस मुताबिक, राजेश कहार को भी उसकी दुकान से बाहर निकाला जा रहा था।
फरियादी ने बताया कि राजेश कहार से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने दउआ प्रजापति से हंगामे और धनसिंह गोंड के साथ मारपीट को लेकर सवाल किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि सचिन कहार और विपुल कहार ने धनसिंह गोंड के साथ मारपीट की थी। फरियादी ने इसे गांव-घर का मामला बताते हुए ऐसा नहीं करने की बात कही। इसके बाद वहां मौजूद लोग चले गए।
शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद फरियादी उदय केवट की दुकान पर राजकुमार केवट के साथ गुटखा लेने के लिए खड़े थे। तभी सचिन कहार उनसे बातचीत करने लगा। इसी दौरान नानमुनू कहार, अगासू कहार और दादूराम कहार कथित तौर पर हाथों में डंडे लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि अगासू कहार ने डंडे से फरियादी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और सिर से खून बहने लगा।
पुलिस के अनुसार राजकुमार केवट ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो उसके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। इससे उसकी दाहिनी कलाई और बाएं पैर की जांघ में चोट आने की बात कही गई है। फरियादी के हल्ला करने पर कुबेर और चंद्रभान मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान आरोपितों ने नेतागिरी करने पर वाहन चढ़ाकर नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।
फरियादी नील शाह सोनी ने थाना जैतहरी पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर 24 नवंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की है।












































