देवहरा पुलिस ने 48 घंटे में लापता विवाहिता को खोजा, परिजनों को सौंपा

---Advertisement---

देवहरा पुलिस ने 48 घंटे में लापता विवाहिता को खोजा, परिजनों को सौंपा

पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर शुरू की तलाश, पुलिस टीम को मिली सफलता

अनूपपुर। चचाई थाना अंतर्गत देवहरा चौकी पुलिस ने घर से लापता हुई 21 वर्षीय विवाहिता को 48 घंटे के भीतर दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। विवाहिता के लापता होने के बाद पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खमरिया निवासी रवि नायक (26) ने 22 अक्टूबर 2026 को अपने पिता राय सिंह नायक के साथ देवहरा चौकी पहुंचकर पत्नी अंबिका नायक (21) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रवि ने बताया कि उसकी शादी 25 अप्रैल 2026 को शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर निवासी गणेश नायक की पुत्री अंबिका नायक से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी, मां लमिया नायक और पिता राय सिंह नायक के साथ ग्राम खमरिया में रहता था।

शिकायत के मुताबिक, 22 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे रवि काम के सिलसिले में जैतहरी चला गया था। दोपहर करीब 12 बजे उसके पिता ने फोन कर बताया कि अंबिका घर से बिना बताए कहीं चली गई है। सूचना मिलने पर रवि घर लौटा और परिजनों के साथ पत्नी की तलाश की। आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों से जानकारी लेने के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद उसने देवहरा चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता से पतासाजी करते हुए लापता विवाहिता को 48 घंटे के भीतर दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन में तथा अनूपपुर एसडीओपी सुदीप कुमार कड़वे और चचाई थाना प्रभारी के निर्देशन में की गई।

कार्रवाई में देवहरा चौकी प्रभारी रंगनाथ मिश्रा के साथ धर्मेंद्र महोबिया, उमेश केवट और वर्षा पाठक की भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment