भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में विशेष अभियान 6 के क्रियान्वयन चरण के अंतर्गत स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं कार्यालय परिसरों को सुव्यवस्थित बनाने से संबंधित विभिन्न गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज चांच-विक्टोरिया क्षेत्र के विभिन्न विभागों एवं चिन्हित स्थानों पर डस्टबिन (कचरा पात्र) वितरित किए गए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य कार्यालय परिसर में स्वच्छता को बढ़ावा देना, कचरे का उचित संग्रह सुनिश्चित करना तथा गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया। डस्टबिन वितरण के माध्यम से कचरे को निर्धारित स्थानों पर एकत्र करने और उसके व्यवस्थित प्रबंधन को प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करने तथा स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
विदित हो कि विशेष अभियान 6 के अंतर्गत बीसीसीएल के अन्य क्षेत्रों एवं इकाइयों में भी स्वच्छता, कार्यालय एवं परिसर की साफ-सफाई तथा कचरा प्रबंधन से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की संस्कृति को बढ़ावा देना है।







































































