- भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन का अनूपपुर में भव्य स्वागत, जिला बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा
अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर तिवारी का 23 अक्टूबर 2026 को प्रथम अनूपपुर जिला प्रवास हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया तथा संगठन द्वारा संचालित गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की।
बैठक में भाजपा के शहडोल संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, जिला प्रभारी संजय साहू, मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, अनूपपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विसाहुलाल सिंह तथा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान में अनूपपुर का बेहतर प्रदर्शन
बैठक के प्रारंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर तिवारी को जिले की भौगोलिक स्थिति, संगठनात्मक संरचना एवं पार्टी की गतिविधियों से अवगत कराया।
संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया ने एक माह तक चले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के कार्यों में अनूपपुर जिले का प्रदेश में 14वां स्थान रहा। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए कार्यकर्ताओं की सराहना की। साथ ही कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों द्वारा देश का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी समय में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और उसकी राजनीति को जनता के सामने रखेगी।

कांग्रेस के मॉडल से देश को हुआ नुकसान : तिवारी
प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने शुरुआत से ही जिस राजनीतिक मॉडल पर काम किया, उससे देश को बड़ा नुकसान हुआ। उनके अनुसार, कांग्रेस की नीतियों के कारण देश में विभिन्न प्रकार के भेदभाव पैदा हुए। भाजपा ने समय-समय पर आंदोलनों के माध्यम से देश में बेहतर व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया।
तिवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज आंदोलनों के माध्यम से देश में अराजकता की नींव रखने का कार्य कर रही है, जिसका दुष्परिणाम गंभीर हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब विपक्षी दल चुनाव हारते हैं तो ईवीएम पर सवाल उठाते हैं और लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता को ऐसी राजनीति का जवाब देने के लिए जागरूक होना होगा।
उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि वे नहीं होते तो पश्चिम बंगाल और कश्मीर की रक्षा करना कठिन होता। तिवारी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि नक्सलवाद, माओवाद, आतंकवाद और घुसपैठ के विरुद्ध सरकार की कार्रवाई पर भी विपक्षी दल सवाल उठाते हैं।

गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि भाजपा ने देश को निर्णायक और ईमानदार सरकार देने का कार्य किया है। सरकार ने डिजिटल तकनीक को प्राथमिकता देने के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत किया है। स्वदेशी हथियारों एवं संसाधनों को प्रोत्साहित करने, गरीब कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता देने तथा भारतीय संस्कृति के पुनरुत्थान की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ प्राप्त करना नहीं, बल्कि देश और समाज के हित में कार्य करना है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहना चाहिए।
वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
बैठक में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, बृजेश गौतम, रामदास पुरी, राधाराम वैश्य, जिला महामंत्री श्याम नारायण शुक्ला, सिद्धार्थ शिव सिंह, पुष्पेंद्र जैन, नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह, अजय सराफ, सहबिन पनिका, डॉ सुनील कुमार चौरसिया उमंग गुप्ता श्रीमती गीता गुप्ता सहित भाजपा के सभी मंडल अध्यक्ष एवं जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पुष्पेंद्र जैन ने किया। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने दी।







































































