- विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी के दिए निर्देश
अनूपपुर 16 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने शासकीय बालिका हाई स्कूल कोतमा एवं शासकीय हाई स्कूल बैहाटोला का निरीक्षण कर विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
शासकीय बालिका हाई स्कूल कोतमा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री झा ने फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी प्रयोगशाला भवन निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया। उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यालय परिसर में खेल मैदान को बेहतर तरीके से विकसित करने के निर्देश भी दिए।
शासकीय हाई स्कूल बैहाटोला के औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री झा ने छात्रा से पुस्तक का वाचन कराकर उसके अध्ययन स्तर का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर उन्होंने पिछले 10 वर्षों के प्रश्नपत्र हल कराने तथा अंग्रेजी विषय के कठिन शब्दों का नियमित अभ्यास कराने पर जोर दिया।
कलेक्टर श्री झा ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर सतत निगरानी रखें तथा उन्हें परीक्षा की बेहतर तैयारी कराएं। साथ ही, विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं को सुदृढ़ कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर अन्य विभाग के अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर नाग सहित नायब तहसीलदार तथा संबंधित निर्माण विभाग के अधिकारी तथा विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।







































































