डायल 112 पर मिली सूचना, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में कोटाडोल पुलिस की त्वरित कार्यवाही
एमसीबी। नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में कोटाडोल पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे विशेष न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर 2026 को थाना कोटाडोल क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ आरोपी द्वारा जबरदस्ती कपड़े उतारकर दुष्कर्म का प्रयास करने और अश्लील हरकत किये जाने की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना प्राप्त होते ही कोटाडोल पुलिस सक्रिय हुई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 एवं 76, पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 एवं 18 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा के तहत कार्यवाही की गई।
थाना प्रभारी कोटाडोल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्यवाही पूरी की और आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसपी ने की तत्काल सूचना देने की अपील
जिला पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की सूचना नजदीकी थाना या डायल 112 के माध्यम से तत्काल दी जा सकती है ताकि पुलिस समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर सके।


































































