श्रद्धा से याद किये गये अमर शहीद दयाल पनिका
84वें शहादत दिवस पर सर्वदलीय एकता के बीच दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
पसौरी/केल्हारी। अमर शहीद दयाल पनिका के 84वें शहादत दिवस पर पसौरी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने शहीद दयाल पनिका के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने शहीद दयाल पनिका के जीवन, संघर्ष और देश और समाज के लिये दिये गये योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी के लिये प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने युवाओं से शहीद के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और अधिवक्ता रामनरेश पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरज कुमार मौर्य, ग्राम पंचायत पसौरी के उपसरपंच एवं भाजयुमो जिला मंत्री अधिवक्ता कोमल प्रसाद मौर्य तथा सांसद प्रतिनिधि राजकुमार पुरी ने शहीद दयाल पनिका के जीवन और बलिदान पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े प्रतिनिधि एक मंच पर नजर आये। सर्वदलीय सहभागिता के बीच आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी देखने को मिला। इस दौरान भाजपा बूथ अध्यक्ष जवाहिर लाल, मोनू प्रसाद, संतोष बघेल, समाज प्रमुख विजय कुमार कुम्हारिया, लखन लाल पनिका, गीता, मंजू, रामनी, रुपेश चक्रधारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने अमर शहीद दयाल पनिका के अमरत्व के नारे लगाये और उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।


































































