अनूपपुर 23 जुलाई 2026/राज्य शासन की ई-कृषि यंत्र अनुदान योजना के अंतर्गत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पैडी (राइस) ट्रांसप्लांटर मशीनों पर अनुदान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक किसान 28 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक कृषि यंत्री कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान राइडिंग टाइप एवं वॉक बिहाइंड श्रेणी की पैडी (राइस) ट्रांसप्लांटर मशीनों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन dbt.mpdage.org वेबसाइट पर किसी भी एमपी ऑनलाइन (MP Online) केंद्र के माध्यम से किए जा सकते हैं। आवेदन के लिए किसानों को खसरा-बी1, आधार कार्ड तथा स्वयं के बैंक खाते की पासबुक की आवश्यकता होगी। इसके साथ ही आवेदन करने से पहले किसान को अपने स्वयं के बैंक खाते से “सहायक कृषि यंत्री, अनूपपुर” के नाम डिमांड ड्राफ्ट बनवाना अनिवार्य होगा। बिना डिमांड ड्राफ्ट के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
योजना के तहत पैडी (राइस) ट्रांसप्लांटर राइडिंग टाइप मशीन के लिए 15,000 रुपये तथा पैडी (राइस) ट्रांसप्लांटर वॉक बिहाइंड मशीन के लिए 10,000 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा। कृषि विभाग ने जिले के पात्र किसानों से निर्धारित अवधि में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। इससे धान की रोपाई आधुनिक तकनीक से कम समय और कम श्रम में की जा सकेगी तथा कृषि कार्यों में दक्षता और उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।














