बीसीसीएल द्वारा भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन

---Advertisement---

बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों में भी रही उत्साहपूर्ण सहभागिता

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज बीसीसीएल द्वारा अन्नपूर्णा हॉल कोयला नगर में एक भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोलकाता में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता करते हुए बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन सहित सभी कार्मिकों ने सामूहिक योग किया।

कार्यक्रम में सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा सहित कोयला भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, योग प्रशिक्षक श्री डी.एन. पासवान तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

इस वर्ष के विषय ‘स्वस्थ आयु के योग’ पर आयोजित सामूहिक योग के इस वृहद् आयोजन में दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, कार्मिकों  के परिजनों तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता की।

लाइव टेलीकास्ट में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के उपरांत सामूहिक योग सत्र में सहभागिता करते हुए उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के अनुरूप योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं विश्राम संबंधी क्रियाओं का पूरी एकाग्रता एवं तन्मयता के साथ अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान की भागदौड़ एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग का महत्व और अधिक बढ़ जाता है, विशेषकर खनन जैसे चुनौतीपूर्ण एवं श्रमसाध्य क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के लिए यह स्वास्थ्य, एकाग्रता एवं कार्यक्षमता बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को किसी एक दिवस तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अन्नपूर्णा हॉल, कोयला नगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कतरास क्षेत्र, सिजुआ क्षेत्र, बरौरा क्षेत्र, सीवी क्षेत्र, ब्लॉक-2 क्षेत्र, बस्ताकोला क्षेत्र, लोदना क्षेत्र, पूर्वी झरिया क्षेत्र, पीबी क्षेत्र, गोविंदपुर क्षेत्र, सीएचडी तथा वाशरी डिवीजन सहित कंपनी के सभी क्षेत्रों एवं कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सीआईएसएफ जवानों, कर्मचारियों के परिजनों एवं अन्य हितधारकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। अनेक क्षेत्रों में कार्यक्रमों को ‘योग संगम’ अभियान के अंतर्गत कोलकाता से प्रसारित राष्ट्रीय कार्यक्रम से जोड़ा गया तथा प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया। कतरास क्षेत्र में लगभग 100 तथा बरौरा क्षेत्र में लगभग 200 प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को नियमित योगाभ्यास अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के तहत बीसीसीएल द्वारा 15 से 20 जून 2026 तक कोयला भवन मुख्यालय में योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिदिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं अन्य योग क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इसी क्रम में वाशरी डिवीजन में योग प्रशिक्षक चयन प्रतियोगिता – 2026 का भी सफल आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।

आज के इस भव्य आयोजन के साथ आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों एवं विभिन्न सरकारी विभागों में आयोजित योग शिविरों एवं वेलनेस सत्रों की श्रृंखला का औपचारिक समापन भी हुआ। बीसीसीएल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा कार्यस्थलों पर सकारात्मक एवं स्वास्थ्यपरक वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

June 22, 2026

June 22, 2026

June 22, 2026

June 22, 2026

June 22, 2026

June 22, 2026

Leave a Comment