चिरमिरी को मिली विकास की बड़ी सौगात, 5.09 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक ऑडिटोरियम

---Advertisement---

 

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत मिली प्रशासकीय स्वीकृति, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को मिलेगा नया मंच

एमसीबी/चिरमिरी। जिले के चिरमिरी नगर पालिक निगम क्षेत्र को विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगर पालिक निगम चिरमिरी में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण कार्य के लिये 509.36 लाख (पाँच करोड़ नौ लाख छत्तीस हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्माण कार्य मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 20 में शासकीय महाविद्यालय चिरमिरी के समीप कराया जायेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिये एक आधुनिक और सुविधायुक्त सभागार उपलब्ध होगा। लंबे समय से क्षेत्र में बड़े आयोजनों के लिये उपयुक्त ऑडिटोरियम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी जिसे अब शासन द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद मूर्त रूप मिलने जा रहा है।
प्रस्तावित ऑडिटोरियम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा जिसमें विशाल सभागार, मंच व्यवस्था, ध्वनि एवं प्रकाश प्रणाली, बैठने की समुचित व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जायेगी। इससे स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं को कार्यक्रम आयोजित करने के लिये बेहतर मंच उपलब्ध हो सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने इस स्वीकृति को चिरमिरी के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे ना केवल सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बड़े स्तर के शासकीय एवं गैर-शासकीय कार्यक्रमों का आयोजन भी संभव हो सकेगा।
इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिरमिरी क्षेत्र लगातार विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिये लगातार कार्य कर रही है तथा चिरमिरी को मिला यह भव्य ऑडिटोरियम क्षेत्र की जनता के लिये एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह ऑडिटोरियम आने वाले समय में चिरमिरी की पहचान बनेगा और यहां सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी साथ ही युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और क्षमता प्रदर्शित करने के लिये बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
नगर पालिक निगम क्षेत्र में इस बड़ी परियोजना की स्वीकृति के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों में उत्साह का माहौल है। लोगों ने इसे चिरमिरी के शहरी विकास और आधुनिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment