जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण में ग्रामीणों, छात्रों और समितियों ने बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी
जमुना कोतमा
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन एवं जिला समन्वयक के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक-01 स्थित ग्राम पंचायत पयारी क्रमांक-1 के चौरा धाम जोगी तालाब घाट में सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी छात्रों, महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।
अभियान के दौरान तालाब परिसर एवं घाट क्षेत्र की साफ-सफाई की गई तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए श्रमदान किया गया। उपस्थित लोगों ने तालाब क्षेत्र से गंदगी हटाकर स्वच्छ एवं सुरक्षित जल स्रोत बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संकट की चुनौती और उसके समाधान के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद अनूपपुर के जिला समन्वयक श्री उमेश पांडे ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से श्रमदान की परंपरा को आगे बढ़ाने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
नवांकुर संस्था के सचिव श्री नागेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रकार के अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को कम करने, भूजल स्तर को बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही स्थायी विकास संभव है।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्फुटन समिति सदस्यों एवं सीएमसीएलडीपी छात्रों ने भी जल संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे और लोगों से दैनिक जीवन में जल बचत के उपाय अपनाने का आह्वान किया।
अंत में परामर्शदाता शारदा चौरसिया द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर “जल है तो कल है” जैसे नारों के साथ लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था राम किशोर सिंह जन उत्थान समिति उरा, नगर विकास प्रस्फुटन समिति पसान, परामर्शदाता शिवानी सिंह, प्रस्फुटन समिति अनूपपुर, पयारी, दैखल, देवरी, बम्हनी, सीएमसीएलडीपी छात्र एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





































