संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में 13 मई 2026 दिन बुधवार को दोपहर बाद रुक-रुक कर गरज-चमक एवं बिजली की तेज लपक के साथ अच्छी वर्षा हुई । लगभग आधे घंटे तक चली इस वर्षा से मौसम में शीतलता घुल गई तथा लोगों को गर्मी से राहत मिली । अचानक हुई बारिश के बाद पूरा वातावरण ठंडा , खुशनुमा और मनोहारी हो गया ।
दोपहर के समय अमरकंटक में हल्की उमस एवं गर्मी महसूस की जा रही थी जिससे वर्षा की संभावना पहले से ही व्यक्त की जा रही थी । इसी बीच आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ दो चरणों में वर्षा हुई । बारिश के दौरान बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट ने मौसम को और भी आकर्षक बना दिया ।
लगातार हो रही वर्षा के कारण अमरकंटक का तापमान सामान्य बना हुआ है । 13 मई को अमरकंटक का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक 59 दर्ज हुआ जो संतोषजनक स्थिति में माना जा रहा है ।
उल्लेखनीय है कि ज्येष्ठ माह प्रारंभ होने के बाद से अब तक अमरकंटक में आठ से नौ दिनों तक वर्षा हो चुकी है । लगातार बारिश होने से यहां का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और भीषण गर्मी का प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा । वातावरण में नमी एवं ठंडक बनी रहने से पवित्र नगरी अमरकंटक का प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर उठा है ।
पवित्र नगरी अमरकंटक का सुखद , सुहावना एवं खुशनुमा मौसम पर्यटक , तीर्थयात्री एवं दर्शनार्थियों को विशेष सुकून प्रदान कर रहा है । मां नर्मदा उद्गम , घने वनांचल , पर्वतीय हरियाली और शीतल हवाओं के बीच पहुंचने वाले श्रद्धालु यहां के नैसर्गिक वातावरण का भरपूर आनंद ले रहे हैं । वर्षा के बाद फैली हरियाली और शुद्ध वातावरण लोगों को मानसिक शांति एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान कर रहा है ।
मौसम के इस मनोहारी स्वरूप का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक एवं श्रद्धालु अमरकंटक पहुंच रहे हैं । ठंडी हवाएं , बादलों की आवाजाही और वर्षा से निर्मित रमणीय दृश्य लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं ।





































