अनूपपुर/बदरा। बदरा स्थित मां महामाया मंदिर का 26वां वार्षिक उत्सव रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। वर्ष 2000 में यज्ञ-पूजन के साथ स्थापित मंदिर में इस अवसर पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और मां भगवती का दुग्धाभिषेक कर आकर्षक पुष्प श्रृंगार किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम के समय भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्रीय भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। सचिन तिवारी, पंडित अनु मिश्रा, उदित मिश्रा, सुगम एवं टीम ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर त्रिवेणी शंकर तिवारी, संग्राम सिंह, रिंकू अग्रवाल, राम लखन विश्वकर्मा, सरपंच, उपसरपंच लाल गोटिया, विपिन तिवारी, मोनू द्विवेदी, लक्ष्मी अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन में पंडित राजेंद्र गौतम ने धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन किया।
पूरे दिन चले इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था, एकता और उत्सव का संदेश दिया।


















































