जमुना कालरी स्कूल में प्रवेश उत्सव धूमधाम से सम्पन्न, वाटर कूलर लोकार्पण, मेधावी छात्रों का सम्मान व नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण

जमुना कोतमा
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जमुना कालरी में “स्कूल चले हम अभियान” के अंतर्गत प्रवेश उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात अतिथियों का मंच पर पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशांक आमों की उपस्थिति में विद्यालय परिसर में नए वॉटर कूलर का भव्य लोकार्पण किया गया। यह वॉटर कूलर नगर पालिका एवं केंट के आरओ संचालक सचिन जायसवाल द्वारा प्रदान किया गया, जिससे विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी

इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा शासन की योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण भी किया गया। साथ ही कक्षा 9वीं एवं 11वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में कुमकुम प्रजापति, यशराम निषाद, नवीन सिंह, यासमीन, साधना सोनी एवं दीपिका पासी शामिल रहे

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने स्कूल चले हम अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।
वहीं विद्यालय के प्राचार्य अवध राज सोलंकी ने कहा कि प्रवेश उत्सव का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना और उन्हें विद्यालय से जोड़ना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई कर विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इंजीनियर उमेश त्रिपाठी, वरिष्ठ शिक्षक अमित राहा, संतोष चौरसिया (जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय स्वतंत्रता पत्रकार संघ अनूपपुर), पार्षद सरोज लोधी, दिवाकर विश्वकर्मा, सचिन जायसवाल, अजय यादव सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन वरिष्ठ शिक्षक अमित कुमार राहा एवं महेंद्र दास चौधरी द्वारा किया गया। खुशनुमा वातावरण में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ








