स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान
मनेन्द्रगढ़। रविवार की शाम चैनपुर स्थित पत्रकार भवन में अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति छत्तीसगढ़ द्वारा भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि और मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डल्लू कुमार सोनी, प्रदेश अध्यक्ष द्रोणाचार्य दुबे, भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल, प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र वस्त्रकार, मंडला जिलाध्यक्ष, एमसीबी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रंजीत सिंह तथा चिरमिरी-खड़गवां पत्रकार संघ के अध्यक्ष राजेश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष द्रोणाचार्य दुबे के नेतृत्व में पत्रकारों के हितों की रक्षा को नई दिशा मिलेगी और संगठन और अधिक सशक्त होगा वहीं पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकार अपनी मेहनत और समर्पण से प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं जो पत्रकारिता की ताकत को दर्शाता है। वक्ताओं ने पत्रकारों की भूमिका, मीडिया की जिम्मेदारी और पत्रकार एकता की आवश्यकता पर विस्तार से अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता की ताकत ही है जिसने कई प्रतिभाओं को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। कार्यक्रम के दौरान जिले के तीन वरिष्ठ पत्रकार श्रीराम बरनवाल, प्रवीण निशी और राम प्रसाद गुप्ता को शाल, श्रीफल और मोमेंटो प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एमसीबी प्रेस क्लब के संरक्षक सतीश गुप्ता ने किया जबकि आभार प्रदर्शन प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र वस्त्रकार द्वारा किया गया। इस आयोजन में जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही जिसने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।















