मनेन्द्रगढ़। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर अपना आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार 26 मार्च को मनेन्द्रगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति सार्वजनिक की और छात्रों से एकजुट होने की अपील की।
प्रेस वार्ता में एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कहा कि कई वर्षों से छात्र संघ चुनाव नहीं कराये जाने से छात्रों की आवाज कमजोर हो गई है और कॉलेजों में उनकी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संघ लोकतंत्र की पहली सीढ़ी होता है इसलिए चुनाव बहाल कराना अब जरूरी हो गया है और एनएसयूआई इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करेगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने संगठन के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने सरकार से तुरंत छात्र संघ चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा कि छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार उन्हें वापस मिलना चाहिये।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि छात्र संघ चुनाव नहीं होने से कॉलेजों में छात्रों की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। यह आंदोलन छात्रों की आवाज को मजबूती देगा और कांग्रेस संगठन एनएसयूआई के साथ मजबूती से खड़ा है।
एनएसयूआई महासचिव आशीष चौधरी ने कहा कि फीस वृद्धि, शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि छात्र संघ चुनाव ही इन समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने का सबसे मजबूत माध्यम है और संगठन इस मुद्दे को लेकर आंदोलन और तेज करेगा।
एनएसयूआई द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 30 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में राज्यपाल और सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा। इसके बाद 6 अप्रैल 2026 को सभी विश्वविद्यालयों में घेराव कर छात्र शक्ति का प्रदर्शन किया जायेगा। संगठन ने प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।


















