कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर/शहडोल। वन मंडल अनूपपुर अंतर्गत अहिरगवां वन परिक्षेत्र में तीन हाथियों के समूह के विचरण की सूचना मिलने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। बुधवार 25 मार्च 2026 को हाथियों का यह दल दिनभर पश्चिम कठोरियां बीट के जंगल में विश्राम करने के बाद देर रात जंगल के किनारे-किनारे जर्दापानी और सेमरहा क्षेत्र के आसपास विचरण करता देखा गया।
यह क्षेत्र ग्राम पंचायत कठौतिया, जनपद पंचायत एवं तहसील सोहागपुर तथा थाना सिंहपुर जिला शहडोल के अंतर्गत आता है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षा श्रमिक और ग्रामीण लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
वन विभाग ने संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों—ग्राम पंचायत कठौतिया, सामतपुर, अमहाटोला, बोकरा घाट तथा पुष्पराजगढ़ तहसील के सरई पंचायत से लगे गांवों के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग द्वारा लोगों से रात के समय जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।







