तीन हाथियों का दल बुढार वन क्षेत्र में दाखिल, ग्रामीणों में सतर्कता
कोयलांचल समाचार के लिए शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर, 23 मार्च। अनूपपुर जिले से तीन हाथियों का दल सोमवार रात लगभग 9:30 बजे शहडोल जिले के बुढार वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर गया। जानकारी के अनुसार हाथियों का यह समूह वन परिक्षेत्र, थाना एवं तहसील अनूपपुर के खम्हरिया बीट अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरा के निदावन और गोलद्दा गांव के जंगल से होते हुए बुढार वन परिक्षेत्र के खम्हरिया बीट स्थित कपिलधार गांव की ओर पहुंचा।
रास्ते में हाथियों ने कपिलधार गांव के किसान राम सिंह पिता मंगल सिंह की बाड़ी में लगे कटहल के पेड़ को नुकसान पहुंचाते हुए आगे की ओर बढ़ना जारी रखा। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
वन विभाग अनूपपुर और बुढार के हाथी गश्ती दल के अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रहे हैं। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी, सूचना और अन्य माध्यमों से लोगों को सतर्क रहने तथा जंगल की ओर न जाने की अपील की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।








