एमसीबी। भारत सरकार के परिवहन मंत्रालय द्वारा संचालित “राहवीर योजना” के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले चार जागरूक नागरिकों को 25 -25 हजार रुपयों की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया है। यह पहल समाज में मानवता, संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में जिले में “राहवीर योजना” के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के सकारात्मक परिणामस्वरूप आम नागरिक सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिये आगे आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 नवंबर 2025 को सेमरा निवासी विनोद साहू ने सड़क दुर्घटना में घायल शिवशंकर और बीरबल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया वहीं 15 दिसंबर 2025 को हल्दीबाड़ी निवासी मोहन ठाकुर ने घायल सीमांत की मदद करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। 28 दिसंबर 2025 को नागपुर निवासी शाहनवाज अली ने घायल अनिल की सहायता की जबकि 02 जनवरी 2026 को मनेंद्रगढ़ निवासी महेश साहू ने घायल बाल सिंह को समय पर अस्पताल पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया। इन सभी नागरिकों की तत्परता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। इन मामलों में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर परिवहन कार्यालय रायपुर को प्रस्ताव भेजा गया जिसके बाद संबंधित चारों नागरिकों को 25,000-25,000 रुपयों की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना प्रत्येक नागरिक का मानवीय कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि “राहवीर योजना” के अंतर्गत मदद करने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी नहीं होती बल्कि उसे शासन द्वारा सम्मानित भी किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने एवं पुलिस या एंबुलेंस को सूचना देने में सहयोग करें।
पुलिस विभाग ने विश्वास जताया है कि इस प्रकार की पहल से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करेंगे। उन्होंने कहा की आपकी एक छोटी सी मदद किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है।








